Lakhimpur Kheri News: गैस सिलेंडर से लगी आग ने घर को किया राख, लाखों का नुकसान

मझगईं। थाना मझगईं क्षेत्र के ग्राम पंचायत दौलतापुर के मजरा सुजईपुरवा में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर में रखा अनाज, नगदी, जेवर और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। अनुमान है कि पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना सुबह करीब आठ बजे की है। गांव निवासी शंकर चौहार के घर में खाना बन रहा था, तभी गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी और छप्परपोश मकान धधक उठा। परिवार के सदस्य किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और शोर मचाया। घर से उठती आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़े - मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत; 15 घायल

गनीमत रही कि सुबह का समय था और हवा भी तेज नहीं थी, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित परिवार ने लेखपाल को सूचना दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक राजस्व टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। इस वक्त पीड़ित परिवार तपती धूप में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.