Lakhimpur Kheri News: शारदा बैराज पर सिल्ट रिजेक्टर पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत

लखीमपुर खीरी। थाना शारदानगर क्षेत्र के शारदा बैराज पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार में जा रही बाइक सिल्ट रिजेक्टर के पोल से टकरा गई, जिससे मौके पर ही युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान निघासन थाना क्षेत्र के झौवापुरवा गांव निवासी 24 वर्षीय संतोष कुमार पुत्र चुन्ना लाल के रूप में हुई है।

संतोष शुक्रवार सुबह किसी रिश्तेदार के यहां गया था और रात करीब 9 बजे वापस अपने घर लौट रहा था। लौटते समय शारदा बैराज के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और साइड में लगे सिल्ट रिजेक्टर पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़े - मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत; 15 घायल

हादसे की जानकारी मिलते ही बैराज पर तैनात कर्मचारी और राहगीर मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पुलिस भी वहां पहुंची और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की। सूचना मिलते ही संतोष के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां का माहौल चीख-पुकार से भर गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शारदानगर के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि हादसा बाइक के सिल्ट रिजेक्टर पोल से टकराने के कारण हुआ। यदि युवक ने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.