Lakhimpur Kheri News: नेशनल हाईवे पर अवैध कट बना हादसे की वजह, पिता-पुत्री की मौत, पत्नी गंभीर

मैगलगंज। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी जिले के इदलापुर गांव के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पिता और तीन वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा हाईवे पर बने अवैध कट के कारण हुआ, जहां तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के अमरैया गांव निवासी हरिप्रसाद उर्फ अशनीश (35) अपनी पत्नी पम्मी और तीन साल की बेटी प्रियांशी के साथ बाइक से मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के सरैया विलियम गांव स्थित रिश्तेदारी जा रहे थे। रास्ते में इदलापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद वे अवैध कट से हाईवे पार कर रहे थे, तभी सीतापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अशनीश और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पम्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची मैगलगंज पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी महोली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्री को मृत घोषित कर दिया। पम्मी की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि इनोवा कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

हादसों के केंद्र बने अवैध कट

लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बने अवैध कट लगातार हादसों का कारण बनते जा रहे हैं। बीते चार महीनों में ऐसे कटों के चलते कई लोग जान गंवा चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई की मिलीभगत से ये कट संचालित हो रहे हैं।

एनएचएआई अधिकारी प्रशांत बाजपेई ने बताया कि कुछ दिन पहले इन कटों को बंद करने के लिए टीम भेजी गई थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण कार्रवाई अधूरी रह गई। एनएचएआई ने प्रशासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत करा दिया है। जल्द ही सभी अवैध कटों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.