Mumbai News : सहकर्मी पर अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने का आरोप, युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई के अग्री पाडा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने अपने वरिष्ठ सहकर्मी पर अश्लील मैसेज, वीडियो भेजने और प्रेम संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह महालक्ष्मी इलाके की एक निजी कंपनी में टेलीकॉलर के रूप में काम करती थी। उसी कंपनी में कार्यरत उसके वरिष्ठ कर्मचारी अशरफ सिद्दीकी ने 21 अप्रैल को व्हाट्सएप पर मिस कॉल किया। नंबर सेव नहीं होने पर पूछने पर उसने अपना नाम बताया और कहा कि वह उसी कंपनी में काम करता है। उसने यह भी कहा कि नंबर कंपनी के व्हाट्सएप ग्रुप से मिला है।

यह भी पढ़े - Nagaland Folk Dance : नागालैंड के लोक नृत्य, संस्कृति और वीरता की जीवंत पहचान

युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजे, साथ ही अभद्र टिप्पणियां भी कीं। पीड़िता ने सभी मैसेज, फोटो और वीडियो के स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए ताकि आरोपी बाद में मुकर न सके।

शिकायत के अनुसार, 22 अप्रैल को आरोपी ने फिर वही हरकत दोहराई और युवती पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव भी बनाया।

इसके बाद पीड़िता ने अपने परिवार को पूरी जानकारी दी। परिवार के साथ थाने पहुंचकर उसने एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर गुरुवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी बार-बार परेशान करता था और शादी की बात कहता था। वहीं, पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था और आरोपी उसे अश्लील संदेश भेजकर परेशान कर रहा था।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.