Lucknow News : महिलाओं को आरक्षण के साथ संरक्षण भी चाहिए, भाजपा महिला विरोधी : अखिलेश यादव

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आरक्षण ही नहीं, बल्कि ‘संरक्षण’ की भी जरूरत है।

इटावा में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सपा प्रमुख ने संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी के शासन में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

यह भी पढ़े - आरटीई के तहत यूपी में एक लाख से अधिक बच्चों को निजी स्कूलों में मिला दाखिला

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान के लिए भाजपा सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेर रही भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “महिलाओं को आरक्षण के साथ-साथ संरक्षण की जरूरत है।”

उन्होंने सपा को महिला विरोधी बताने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी पलटवार किया। अखिलेश ने कहा, “मुख्यमंत्री जी खुद नारी विरोधी हैं। भाजपा सौ फीसदी महिलाओं के खिलाफ है। महिलाओं से भेदभाव करने वाली भाजपा, समाजवादी पार्टी के खिलाफ झूठा प्रचार करती है।”

सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा जातिगत गणना नहीं कराना चाहती, क्योंकि ऐसा होने पर शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका हक और सम्मान मिल सकेगा।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा की वहां ऐतिहासिक हार होगी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी एक बार फिर भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी।

अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को इटावा के चकरनगर स्थित श्री रामकृष्ण परम धाम में आयोजित 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं भागवत कथा में शामिल हुए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म का रास्ता न्याय और खुशहाली का रास्ता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.