Ballia News : श्रीरामपुर घाट पर स्नान के दौरान तीन किशोर गंगा में डूबे, मची अफरा-तफरी

बलिया : शहर कोतवाली क्षेत्र के श्रीरामपुर घाट पर गुरुवार की सुबह करीब 10:30 बजे स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन किशोर गंगा में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और नाविक किशोरों की तलाश में जुट गए।

जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के थाना लार रोड निवासी भूसेरी सनी पटेल (15) पुत्र राजन पटेल बलिया जनपद के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जमुई स्थित अपनी नानी के घर मुंडन संस्कार में आया हुआ था। मुंडन कार्यक्रम के दौरान वह श्रीरामपुर घाट पर स्नान करने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने से डूब गया।

यह भी पढ़े - Ballia News: मजदूरी मांगने पर मजदूर की पिटाई, भट्ठा मालिक व मुंशी पर मुकदमा दर्ज

वहीं, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी भल्लू पटेल (18) भी श्रीरामपुर घाट पर स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

इसके अलावा बैरिया कस्बा निवासी किशन वर्मा (17) पुत्र सत्यदेव वर्मा भी स्नान के दौरान गहरे पानी में समा गया।

घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय नाविकों ने तत्काल तलाश शुरू की, वहीं सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई।

शहर कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि श्रीरामपुर घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान स्नान करते समय तीन किशोरों के डूबने की सूचना मिली है। पुलिस और स्थानीय लोग उनकी तलाश में जुटे हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.