Ballia News : इंटरमीडिएट में पल्लवी गुप्ता बनीं जिला टॉपर, 93.40 प्रतिशत अंक हासिल कर रचा इतिहास

बलिया : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। बलिया जनपद में पल्लवी गुप्ता ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। पल्लवी की इस शानदार सफलता की खबर मिलते ही परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मिठाई खिलाकर और मिष्ठान वितरित कर जश्न मनाया।

श्री लंगटू बाबा इंटरमीडिएट कॉलेज, हड़िहां कला की छात्रा और बलिया के सलेमपुर गांव की निवासी पल्लवी गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और पूरे परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई और अनुशासित दिनचर्या ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रही।

यह भी पढ़े - एनएमएमएस परीक्षा में बलिया के 251 छात्र सफल, छात्रवृत्ति के लिए प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य

मीडिया से बातचीत में पल्लवी ने बताया कि वह सुबह उठकर थोड़ा टहलती थीं, फिर दो घंटे पढ़ाई करती थीं। इसके बाद कोचिंग जाती थीं। स्कूल से लौटने के बाद भी कोचिंग और फिर घर के काम निपटाकर थोड़ा आराम करती थीं। रात में वह करीब छह घंटे पढ़ाई करती थीं।

पल्लवी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई में नियमितता सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा, “यह जरूरी नहीं कि रोज छह से आठ घंटे पढ़ाई की जाए, बल्कि जरूरी यह है कि हर दिन ध्यान से और नियमित रूप से पढ़ाई हो।”

पल्लवी की दादी काश्मीरी देवी ने बताया कि उनकी पोती घर के सभी कामों के साथ पढ़ाई भी पूरी लगन से करती थी। उन्होंने कहा कि पल्लवी को जब भी देखा, वह पढ़ाई करती ही नजर आई। खास बात यह रही कि उसने पढ़ाई के लिए मोबाइल का सहारा नहीं लिया।

पल्लवी ने हाईस्कूल की परीक्षा भी इसी विद्यालय से उत्तीर्ण की थी। उनके पिता संजय गुप्ता प्राइवेट सर्विस मार्केटिंग में कार्यरत हैं, जबकि माता ललिता देवी गृहिणी हैं।

जिले में दूसरे स्थान पर पीएन इंटर कॉलेज, दूबे छपरा के छात्र कृष्ण कुमार शाह ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं आईसीएआईसी हसनपुर जजौली के छात्र विकास यादव ने 90.6 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विवेक गोंड और जितांजलि ने समान 89.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया, जबकि प्रियांशी ने 89.60 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट परीक्षा में बलिया जनपद से कुल 61,732 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 57,635 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.