कन्नौज में मक्का के खेत में महिला का अर्धनग्न शव बरामद: दुष्कर्म और लूट के बाद हत्या की आशंका, इलाके में मचा हड़कंप

Kannauj News: जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में एक दलित महिला का अर्धनग्न और खून से सना शव मक्का के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म, लूट और हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जलालाबाद ब्लॉक के अंतर्गत जसोदा चौकी क्षेत्र के एक गांव की 35 वर्षीय महिला शनिवार शाम खेत में खाद डालने गई थी। जब वह रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह करीब सात बजे मठिया गांव के एक किसान रामविलास ने खेत में पानी देते समय महिला का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ एसपी विनोद कुमार, सीओ सिटी कमलेश कुमार, कोतवाल आलोक दुबे और चौकी प्रभारी मोहनलाल ने घटनास्थल की गहन जांच की। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी साक्ष्य जुटाए। खेत में मृतका की साड़ी गायब थी, जबकि पास में खाद की बोरी और चप्पलें पड़ी मिलीं। शरीर पर चोटों के निशान, टूटी चूड़ियां, और गायब गहनों से साफ है कि महिला ने हमलावरों से संघर्ष किया होगा।

शव के पास मक्का के कई पौधे टूटे पाए गए, और खेत में पानी लगे होने के कारण शव फूल चुका था। ये संकेत घटनास्थल पर हिंसा और संघर्ष की ओर इशारा करते हैं।

पुलिस के मुताबिक, महिला के पहले पति की मौत दो वर्ष पहले एक हादसे में हो गई थी। छह महीने पूर्व उसने तिर्वा कोतवाली के ग्राम पाहला निवासी अपने भांजे से कोर्ट मैरिज की थी। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक दो वर्षीय बेटा शामिल है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.