- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हरदोई
- हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, तीन यात्री गंभीर घायल
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस पलटने से महिला की मौत, तीन यात्री गंभीर घायल
हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 289 पर हुआ, जहां चालक को झपकी आने के कारण तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सवायजपुर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अमेठी के रानीगंज बाजार निवासी 32 वर्षीय सहर, पत्नी नासिर, को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में रायबरेली के प्रतापपुर निवासी 32 वर्षीय जयेन्द्र पुत्र भारत सिंह, अमेठी की 45 वर्षीय आसमा बानो पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद नाजिम तथा 35 वर्षीय मोहम्मद नासिर पुत्र मोहम्मद नाजिम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार जारी है।
हरपालपुर क्षेत्राधिकारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
