- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन: 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, थ्री-लेयर जांच के बाद
बलिया में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन: 15 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, थ्री-लेयर जांच के बाद मिला प्रवेश
बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यहां तक कि अभ्यर्थियों की कलाई पर बंधे कलावे तक हटवाए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में करीब 13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। वहीं, केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों और साइबर कैफे को भी एहतियातन बंद रखा गया।
जिला प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
