- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- वाराणसी में प्रेमी के घर पहुंची युवती ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती
वाराणसी में प्रेमी के घर पहुंची युवती ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास, अस्पताल में भर्ती
वाराणसी। वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में एक युवती द्वारा प्रेमी के घर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में युवती को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
युवती ने बताया कि करीब 25 दिन पहले वह अपना घर छोड़कर वाराणसी पहुंची थी और निहाल के घर गई थी। हालांकि, युवक के परिजनों ने विवाह से इनकार करते हुए उसे वापस महाराष्ट्र भेज दिया और भविष्य में शादी कराने की बात कही थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवती एक बार फिर वाराणसी पहुंची और सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। आरोप है कि वहां युवक के परिजनों ने उसे फटकार लगाई और घर से जाने के लिए कह दिया। इससे आहत होकर युवती वहां से चली गई।
इसके बाद युवती पंचकोशी चौराहे पहुंची, जहां से उसने कथित रूप से चूहा मारने की दवा खरीदी। फिर वह दोबारा प्रेमी के घर पहुंची और वहीं जहर खा लिया।
युवती की हालत बिगड़ने पर प्रेमी के परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सारनाथ पुलिस ने उसे उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय और मजिस्ट्रेट अस्पताल पहुंचे तथा युवती का बयान दर्ज किया। फिलहाल युवती अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और युवती के बयान के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
