- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हरदोई
- Hardoi News: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की कोशिश नाकाम, मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी गि...
Hardoi News: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की कोशिश नाकाम, मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी गिरफ्तार
हरदोई : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों और पुलिस की सतर्कता से एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के माध्यम से नकल करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोमवार को दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद वह प्रवेश पत्र भूल जाने का बहाना बनाकर दोबारा परीक्षा केंद्र में दाखिल हो गया। इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन और एक पूर्व प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र परिसर में वाटर कूलर के पास छिपा दिया था।
मंगलवार को पहली पाली की परीक्षा के दौरान सुरक्षा जांच के बाद उसने छिपाया गया मोबाइल निकालकर बाथरूम में रख दिया और पुराना प्रश्नपत्र अपने साथ परीक्षा कक्ष में ले गया। आरोप है कि परीक्षा के दौरान वह वर्तमान प्रश्नपत्र को कपड़ों में छिपाकर बाथरूम की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर बाथरूम के पास तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जांच में उसके पास से वर्तमान प्रश्नपत्र बरामद हुआ। पूछताछ करने पर उसने बाथरूम में मोबाइल छिपाए जाने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
