- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News: लखनऊ में 38 करोड़ रुपये से चौड़ी होगी बंधा रोड, 10 लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
Lucknow News: लखनऊ में 38 करोड़ रुपये से चौड़ी होगी बंधा रोड, 10 लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने पक्का पुल से सीतापुर रोड तक जाने वाली बंधा रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से 3.37 किलोमीटर लंबी इस सड़क को वर्तमान पांच मीटर चौड़ाई से बढ़ाकर 15 मीटर किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र की लगभग 10 लाख आबादी को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पक्का पुल से प्रियदर्शिनी योजना होते हुए सीतापुर रोड को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से भारी यातायात दबाव झेल रही है। संकरी सड़क होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, विशेषकर व्यस्त समय में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है।
परियोजना पूरी होने के बाद खदरा, मड़ेयगंज, फैजुल्लागंज, प्रियदर्शिनी योजना और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
अलीगंज स्टेडियम में विकसित होंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
एलडीए अलीगंज स्थित स्टेडियम में खेल सुविधाओं का भी विस्तार करेगा। यहां नया स्वीमिंग पूल, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट और आधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट विकसित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्टेडियम में मौजूद निष्प्रयोज्य जिम को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकीपुरम में जलभराव से मिलेगी राहत
जानकीपुरम क्षेत्र में भी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य तेज किया जा रहा है। कुर्सी रोड स्थित सरगम अपार्टमेंट के पास लगभग 14,800 वर्गमीटर खाली भूमि पर कम्युनिटी सेंटर और हॉर्टिकल्चर विकास कार्य कराए जाएंगे।
इसके अलावा मौर्य विहार से जानकी विहार कॉलोनी तक करीब 1600 मीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण किया जा रहा है। लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से क्षेत्र की करीब दो लाख आबादी को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी माधवेश कुमार, वंदना पाण्डेय, नजूल अधिकारी प्रभाकर सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
