- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- पीजीआई युवती लापता मामला: धर्मांतरण और सीरिया ले जाने के दावों पर पुलिस का स्पष्टीकरण, जांच जारी
पीजीआई युवती लापता मामला: धर्मांतरण और सीरिया ले जाने के दावों पर पुलिस का स्पष्टीकरण, जांच जारी
लखनऊ। राजधानी के पीजीआई क्षेत्र से युवती के लापता होने के मामले में सोशल मीडिया पर प्रसारित धर्मांतरण और सीरिया ले जाने संबंधी दावों पर पुलिस ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष एवं गहनता से की जा रही है तथा अब तक की विवेचना में इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
युवती की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त जोन दक्षिणी की सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती एवं आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई मूल तहरीर में धर्मांतरण से संबंधित किसी भी आरोप का उल्लेख नहीं किया गया था। सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसे दावों की भी जांच की जा रही है, लेकिन अब तक की जांच में धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
इसी प्रकार युवती को सीरिया ले जाने संबंधी दावों को भी पुलिस ने भ्रामक बताया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक की जांच में इस तरह की कोई जानकारी या साक्ष्य सामने नहीं आया है, जिससे इन दावों की पुष्टि हो सके।
विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि लापता युवती हिंदू समुदाय से संबंधित है, जबकि नामजद आरोपी मुस्लिम समुदाय से जुड़ा है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच पूर्व से संपर्क था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, डिजिटल डेटा और अन्य तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। अधिकारियों ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
