- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोंडा
- Gonda News: गोंडा में रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, हत्या का आरोप; हाईवे पर शव रखकर परिजनों ने...
Gonda News: गोंडा में रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, हत्या का आरोप; हाईवे पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन
गोंडा। जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पैसों के लेन-देन के विवाद में हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंकने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब 45 मिनट तक यातायात बाधित रहा।
परिजनों का आरोप है कि राहुल का अपने रिश्तेदार पंकज, निवासी डुडही असरना, के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि सोमवार रात पंकज ने फोन कर राहुल को घर से बुलाया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुआ।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि राहुल की हत्या कर मामले को रेल दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को ट्रैक के किनारे फेंक दिया गया। उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल के लापता होने और पुराने विवाद की जानकारी देने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। शाम करीब 5:15 बजे उन्होंने गोंडा-जरवल मार्ग पर पिपरी ब्रह्मचारी स्थान के पास शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजराज प्रसाद समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम करीब छह बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
