- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोंडा
- गोंडा जंक्शन पर चोर को पकड़ने में जीआरपी जवान गंभीर घायल, दोनों पैर कटे
गोंडा जंक्शन पर चोर को पकड़ने में जीआरपी जवान गंभीर घायल, दोनों पैर कटे
गोंडा: गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पुलिस हिरासत से भाग रहे एक संदिग्ध चोर को पकड़ने के प्रयास में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए, जिसके बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
पूछताछ के लिए ले जाते समय आरोपी पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर भागने लगा। उसी समय प्लेटफॉर्म पर डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस आ रही थी। आरोपी चलती ट्रेन में चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा।
उसे पकड़ने के लिए सिपाही आकाश सिंह दौड़े और आरोपी को ट्रेन से नीचे खींच लिया, लेकिन इस दौरान वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में गिर गए और चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को दोबारा पकड़ लिया है। घटना में वह भी घायल हुआ है और मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, चोरी और पुलिस हिरासत से भागने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जीआरपी के एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने गोरखपुर जोन के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से घायल सिपाही की मदद के लिए एक दिन का वेतन देने की अपील की है।
