- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया बीएसए की बड़ी कार्रवाई: फर्जी अंकपत्र पर नौकरी पाने वाले प्रधानाध्यापक बर्खास्त, 20 साल की सेव...
बलिया बीएसए की बड़ी कार्रवाई: फर्जी अंकपत्र पर नौकरी पाने वाले प्रधानाध्यापक बर्खास्त, 20 साल की सेवा शून्य
बलिया: बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी अंकपत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले एक प्रधानाध्यापक पर बड़ी कार्रवाई हुई है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने संबंधित प्रधानाध्यापक की करीब 20 वर्ष की सेवा को नियुक्ति तिथि से शून्य मानते हुए बर्खास्त कर दिया है। साथ ही एफआईआर दर्ज कराने और अब तक मिले वेतन-भत्तों की रिकवरी के निर्देश भी दिए गए हैं।
उनके खिलाफ शिकायतकर्ता दिनेश कुमार यादव ने सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), आजमगढ़ से शपथ पत्र के साथ शिकायत की थी। इसके बाद विभाग ने संबंधित शिक्षक के शैक्षिक अभिलेखों की जांच कराई।
जांच में सामने आया कि उन्होंने स्नातक के अंकपत्र में हेराफेरी कर अधिक अंक दर्शाए थे। वास्तविक अंक 445 थे, जबकि नौकरी पाने के लिए 504 अंक का अंकपत्र प्रस्तुत किया गया। यानी 59 अंक बढ़ाकर नौकरी हासिल की गई थी।
शिकायत के आधार पर संबंधित महाविद्यालय श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादर आश्रम सिकंदरपुर से सत्यापन कराया गया, जिसमें अंकपत्र फर्जी पाया गया। साथ ही यह भी पुष्टि हुई कि शिक्षक ने मानव संपदा पोर्टल पर गलत विवरण अपलोड किया था।
विभाग की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर बीएसए मनीष कुमार सिंह ने नियुक्ति को अवैध मानते हुए निरस्त कर दिया।
वित्त एवं लेखाधिकारी को अब तक दिए गए वेतन और भत्तों का आकलन कर वसूली प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।
