बाराबंकी बब्लू हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कड़ी कार्रवाई का भरोसा

बाराबंकी: कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम बेहटा में हुए बब्लू राजभर हत्याकांड के बाद मंगलवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

जानकारी के अनुसार, बब्लू राजभर तीन दिन पहले ग्राम नैपुरा मजरे परसावल बर्फ बेचने गया था, जहां कथित रूप से शंकर यादव ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी थी।

यह भी पढ़े - बलिया में 25 मार्च को 448 हेडमास्टर होंगे सम्मानित, बीएसए ने जारी की सूची

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मृतक की पत्नी, माता-पिता और बाबा से मिलकर कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को आवास, कृषि भूमि, बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण और पेंशन जैसी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

मंत्री ने कहा कि घटना में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी सूचना मिली है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि माफिया, गुंडों और अपराधियों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

आगामी ग्राम पंचायत चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अदालत के निर्देशों के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे।

इस दौरान पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, डीपीआरओ नीतेश भोंडेले, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, एडीओ पंचायत अभय शुक्ला, ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.