Firozabad Crime News : शादी से इनकार पर डेढ़ साल के मासूम की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने महिला द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर उसके डेढ़ साल के बेटे की कथित तौर पर पटक-पटककर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यादव कॉलोनी निवासी रती देवी अपने डेढ़ वर्षीय बेटे आरव के साथ मायके में रह रही थीं। आरोप है कि उनके रिश्तेदार विराज उर्फ जितेंद्र पाठक उन पर शादी करने का दबाव बना रहा था। महिला द्वारा प्रस्ताव ठुकराने के बाद आरोपी ने शनिवार को बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर उसे कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्चे के शव को नाली में फेंककर फरार हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए चार टीमें गठित की थीं।

अपर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि रविवार को पुलिस को आरोपी के शिकोहाबाद क्षेत्र में होने की सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की मां रती देवी की शादी फरवरी 2024 में बदायूं जिले के शेखूपुर निवासी सुमित कुमार से हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले पांच माह से मायके में रह रही थीं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.