- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दोस्तों ने युवक को मारी गोली, प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
बलिया में दोस्तों ने युवक को मारी गोली, प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के सोहांव गांव में रविवार रात एक युवक को उसके ही दोस्तों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और गर्लफ्रेंड से जुड़े विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हमले में आर्यन यादव को चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलिया भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में घायल आर्यन ने पुलिस को बताया कि उस पर हमला गर्लफ्रेंड को लेकर चल रहे विवाद के कारण किया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में भी यह बात सामने आई है कि वारदात को अंजाम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके करीबी दोस्तों ने ही दिया।
एएसपी कृपा शंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
