- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ शुरू, युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण
बलिया में ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ शुरू, युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण
बलिया। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ जनपद में लागू कर दी गई है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के लिए 21 से 40 वर्ष आयु के ऐसे युवा पात्र होंगे, जिन्होंने कम से कम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की हो और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री प्राप्त की हो। साथ ही आवेदक किसी अन्य सरकारी योजना में ब्याज या पूंजी अनुदान का लाभ न ले रहा हो, हालांकि पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी इसके लिए पात्र रहेंगे।
आवेदन के लिए पैन कार्ड, बैंक पासबुक, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक एवं आयु प्रमाणपत्र, कौशल प्रमाणपत्र, परियोजना रिपोर्ट, फोटो, हस्ताक्षर और स्वघोषणा पत्र आवश्यक होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी योजना के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक वर्ष एक लाख युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि अगले दस वर्षों में प्रदेश में 10 लाख नए उद्यम स्थापित किए जा सकें। बलिया के युवा भी इस योजना का लाभ उठाकर अपना उद्योग, सर्विस सेंटर, टेक्नोलॉजी, फूड प्रोसेसिंग, कृषि आधारित इकाई या अन्य सेवा क्षेत्र का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।
