- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- इटावा
- इटावा में प्रेमिका से शादी की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, सहमति के बाद मंदिर में हुई शादी
इटावा में प्रेमिका से शादी की मांग पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, सहमति के बाद मंदिर में हुई शादी
इटावा। जिले के बसरेहर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब अपनी प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर एक युवक करीब 125 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी देर तक चले घटनाक्रम, पुलिस की समझाइश और दोनों परिवारों की सहमति के बाद आखिरकार प्रेमी-प्रेमिका की स्थानीय मंदिर में शादी करा दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बसरेहर थाना प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, आसपास के ग्रामीणों और दोनों परिवारों के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। पुलिस और परिजन लगातार युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे।
करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवती भी मौके पर पहुंची और उसने शादी के लिए अपनी सहमति जता दी। प्रेमिका की हामी मिलते ही युवक टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
थाने में युवक और युवती ने विवाह कराने की इच्छा जताई। इस पर थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस थाने में शादी नहीं कराती, लेकिन यदि दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराना चाहें तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है।
इसके बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में शादी की रस्म पूरी कराई गई। प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई, सात फेरे लिए और परिजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। घटना के सुखद अंत के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।
