बांदा में युवती को बेचकर जबरन शादी कराने का मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बांदा। चित्रकूट जनपद की एक युवती को कथित तौर पर पैसों के लालच में बेचकर जबरन शादी कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता 22 नवंबर 2025 को किसी तरह बचकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि उसकी मां और भाई ने उसे बांदा लाकर हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार के हाथों 1.38 लाख रुपये में बेच दिया और जबरन शादी करा दी।

यह भी पढ़े - बलिया: राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में चयनित होकर चार छात्रों ने बढ़ाया स्कूल का मान

मामले की गंभीरता को देखते हुए AHTU थाने में मानव तस्करी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि मामले में युवती की मां, भाई और हरियाणा के कुछ अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने अब तक भाई और हरियाणा के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने कहा कि मामले में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.