आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एक दिन पहले चाकू मारकर युवक की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल की रात आपसी विवाद में हस्सान नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष के नौशाद अहमद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

यह भी पढ़े - नर्सिंग होम प्रकरण पर उबाल: कैंडल मार्च, ‘बलिया बंद’ और आत्मदाह की चेतावनी

विवेचना के दौरान मामले में इरफान का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

मुबारकपुर थाना पुलिस देर रात दामोदरपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कंट्रोल फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी की पहचान इरफान के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आपसी विवाद के चलते उसने युवक पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.