बांसडीह में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू, विधायक केतकी सिंह ने कहा- प्राथमिक शिक्षा ही भविष्य की मजबूत नींव

बलिया। बीआरसी बांसडीह पर नए शैक्षिक सत्र के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक केतकी सिंह ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्कूल चलो अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का संकल्प है।

यह भी पढ़े - बाराबंकी बब्लू हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कड़ी कार्रवाई का भरोसा

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनका भविष्य मजबूत बन सके।

कार्यक्रम में बीईओ अनूप त्रिपाठी, एहसानुल हक अंसारी, घनश्याम चौबे, सुरेश वर्मा, नंदलाल मौर्य, सुनंदा मिश्रा, वंदना गुप्ता, मृदुल, संजीव और विशाल सहित कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

भव्य समारोह में चार सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

बलिया। शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में प्राथमिक विद्यालय बांसडीह परिसर में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक केके सिंह, रामप्रवेश सिंह, जनार्दन दूबे और अखिल चतुर्वेदी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला होते हैं। एक शिक्षक न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें संस्कार और जीवन जीने की दिशा भी देता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षकों का अनुभव समाज के लिए मार्गदर्शक बना रहता है।

विशिष्ट अतिथि चेयरमैन सुनील कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि शिक्षक का जीवन त्याग, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक होता है। उन्होंने युवाओं से अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील की।

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन नई चुनौतियों से निपटने में बेहद उपयोगी साबित होता है।

इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अनूप त्रिपाठी, राजेश पांडेय, घनश्याम चौबे, उपेंद्र सिंह, जय प्रकाश, एहसानुल हक, वंदना गुप्ता, आदित्य यादव, संतोष पांडेय और देवेश सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.