- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया-बांसडीह मार्ग पर सीवर खुदाई में जल निगम पाइपलाइन टूटी, जलभराव से लोग परेशान
बलिया-बांसडीह मार्ग पर सीवर खुदाई में जल निगम पाइपलाइन टूटी, जलभराव से लोग परेशान
बलिया। बलिया-बांसडीह मुख्य मार्ग पर शहर कोतवाली के पास सीवर निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को जेसीबी की खुदाई से जल निगम की पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से तेज़ी से पानी बहने लगा, जिससे सड़क पर जलभराव हो गया और आसपास के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
जलभराव के कारण आसपास की कई गलियों और घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो गए। वहीं मुख्य सड़क पर पानी भरने से आवागमन भी बाधित रहा।
क्षेत्र के दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि अचानक जलभराव होने से काफी दिक्कत हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि सीवर निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार को ही संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
लोगों ने प्रशासन और जल निगम से पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव से राहत दिलाने की मांग की है।
