- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में दर्दनाक हादसा: बाइक समेत नहर में गिरे सगे भाई, एक की मौत
बलिया में दर्दनाक हादसा: बाइक समेत नहर में गिरे सगे भाई, एक की मौत
बलिया। बलिया जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बाइक समेत नहर में गिरे दो सगे भाइयों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को राहगीरों ने बचा लिया। यह घटना तुर्तीपार पंप कैनाल की क्षतिग्रस्त पुलिया पर हुई।
हादसे के बाद राहगीरों ने काफी प्रयास के बाद अमित कुमार को नहर से बाहर निकाल लिया, लेकिन पानी के तेज बहाव में आदित्य बह गया। सूचना मिलने पर उभांव और नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैनाल की पानी सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद आदित्य अचेत अवस्था में घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर कमरौली नहर फाटक के पास मिला।
परिजन उसे तत्काल नगरा पीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
आदित्य की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
