- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में किन्नर हत्याकांड: फंदे से लटके युवक की पत्नी और पिता समेत तीन गिरफ्तार
बलिया में किन्नर हत्याकांड: फंदे से लटके युवक की पत्नी और पिता समेत तीन गिरफ्तार
बलिया। किन्नर रेखा की हत्या के मामले में बैरिया थाना पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम मृतक किन्नर रेखा का अंतिम संस्कार खरीदे गए प्लॉट में किया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रवि गुप्ता (30) का शव फंदे से लटका हुआ पाया और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान उसी मकान के चौथे तल पर बने टीन शेड में रखे एक बक्से से लापता किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ। एक ही मकान से दो शव मिलने की जानकारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात भोजन करने के बाद रवि गुप्ता तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह उसकी पत्नी जब उसे जगाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला मिला और रवि रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की तलाशी में सबसे ऊपरी मंजिल पर पॉलिथीन में लिपटा किन्नर रेखा का शव मिला, जो पिछले तीन दिनों से लापता थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के बाद विजय कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय परशुराम प्रसाद, मोना कुमारी पत्नी रवि गुप्ता और रीता देवी पत्नी स्वर्गीय अशोक गुप्ता, निवासी देवकी छपरा, थाना बैरिया, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गहराई से पड़ताल की जा रही है।
