- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में जनपद न्यायाधीश ने विधिक सेवा शिविर के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बलिया में जनपद न्यायाधीश ने विधिक सेवा शिविर के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर रविवार को प्रातः 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) संजय कुमार गोंड ने बताया कि प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को शिविर के उद्देश्य, महत्व और उसमें मिलने वाली विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि शिविर में समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों जैसे महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित किसानों और दिव्यांगजनों से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में जनपद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, वादकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनसामान्य से अपील की है कि वे 22 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे गंगा बहुउद्देशीय सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, बलिया में आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
