तहसील बेल्थरारोड के औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, रजिस्ट्रार कानूनगो को चेतावनी नोटिस

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को तहसील बेल्थरारोड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों, लंबित मामलों और कर्मचारियों की कार्यशैली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खतौनी की नकल जारी करने की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 281 खतौनी जारी की जा चुकी हैं। खतौनी रजिस्टर की जांच के दौरान जिलाधिकारी ने नाजिर को निर्देश दिया कि खतौनी से प्राप्त धनराशि का प्रतिदिन लेखा-जोखा अद्यतन किया जाए और किसी भी स्थिति में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि न ली जाए।

यह भी पढ़े - तिरंगे में लिपटे सीआरपीएफ जवान राजकुमार को देख रो पड़ा गांव, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

लेखपालों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने फार्मा रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की। कई ब्लॉकों में फार्मा रजिस्ट्री लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित लेखपालों को निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरण 15 मार्च तक पूर्ण कर लिए जाएं। वरासत से जुड़े मामलों में लापरवाही पर भी उन्होंने असंतोष जताया और चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी को यह शिकायत भी मिली थी कि तहसील के कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं पहुंचते और समय से पहले चले जाते हैं। इस पर उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। समयपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

तहसीलदार कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 34 से संबंधित फाइलों की समीक्षा की, जिसमें 67 पुरानी फाइलें लंबित पाई गईं। उन्होंने पांच वर्ष से अधिक पुरानी फाइलों का तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया।

एसडीएम कार्यालय और अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान फाइलों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और रजिस्ट्रार कानूनगो रविन्द्र कुमार को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। फौजदारी मामलों से संबंधित धारा 145 और 133 की लंबित फाइलों के शीघ्र निस्तारण का भी आदेश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की प्रकाश व्यवस्था सुधारने, खराब लैपटॉप को कंडम कराने और आवश्यक फर्नीचर के लिए डिमांड लेटर भेजने के निर्देश दिए। मतदाता सूची से जुड़े फार्म-6 और वोटर लिस्ट के अव्यवस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने को कहा गया।

इसके अलावा बंद पड़े नए शौचालय को तत्काल चालू कराने, तहसील परिषद परिसर में स्थित पशु चिकित्सा विभाग की भूमि को खाली कराकर अन्यत्र स्थानांतरित करने, पुराने जनरेटर की नीलामी तथा निलंबन कार्यालय को तहसील परिसर से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Latest News

22 फरवरी से जापान दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, भविष्य की रेल तकनीक मैग्लेव से होंगे रूबरू 22 फरवरी से जापान दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, भविष्य की रेल तकनीक मैग्लेव से होंगे रूबरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से जापान के...
बलिया में किन्नर हत्याकांड: फंदे से लटके युवक की पत्नी और पिता समेत तीन गिरफ्तार
बलिया में जनपद न्यायाधीश ने विधिक सेवा शिविर के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
टेट की अनिवार्यता समाप्त कराने को निर्णायक संघर्ष करेंगे शिक्षक संगठन
तहसील बेल्थरारोड के औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, रजिस्ट्रार कानूनगो को चेतावनी नोटिस
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.