Road Accident In Ballia : अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

हल्दी, बलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर स्थित हल्दी थाना क्षेत्र के अगरौली यश बाबा मंदिर के समीप सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर गांव निवासी बीरबल राम (36) शुक्रवार रात पैदल ही बसरिकापुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान यश बाबा मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़े - Ballia News : परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिन पर सौ से अधिक मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, अस्पतालों में फल-मिष्ठान वितरण

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर हल्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे दिव्यांग पत्नी इंदु देवी, आठ वर्षीय पुत्र अंकित, छह वर्षीय पुत्री अनुष्का तथा दो वर्षीय पुत्र गुड्डू को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, पारिवारिक लाभ योजना, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.