एटा में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस में कैंटर की टक्कर, पांच यात्रियों की मौत, 11 घायल

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के बागवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात कीलर मऊ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तथा घायलों के उपचार की जानकारी लेकर समुचित इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में तकनीकी खराबी आने पर चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। गर्मी अधिक होने के कारण बस के कई यात्री नीचे उतरकर बस के पीछे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांच यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 34 वर्षीय राजेश निवासी दौलतपुर, नवाबगंज (फर्रुखाबाद), 29 वर्षीय शैलेश कुमार निवासी उम्मरपुर, नवाबगंज (फर्रुखाबाद), 25 वर्षीय सतेन्द्र निवासी भर्रा, थाना स्याना (बुलंदशहर) तथा सुखराम निवासी पिलखना, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घायलों में सुमित निवासी बालोखर, रिशु निवासी कलवाड़ा, सनी निवासी जयसिंहपुर, विक्रांत निवासी नवाबगंज, अतेंद्र निवासी नवाबगंज, विशाल निवासी अचलिया बाकलपुर, नवाबगंज (फर्रुखाबाद), नितिन कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, एटा, दक्ष निवासी नई बस्ती, मेरठ सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों का एटा मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.