ट्रेलर की टक्कर से अधिवक्ता की मौत, बार एसोसिएशन में शोक की लहर

बलिया। रसड़ा-बलिया मार्ग स्थित रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कोटवारी मोड़ पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी 55 वर्षीय अधिवक्ता सत्यप्रकाश सिंह पुत्र स्वर्गीय सदानंद सिंह बाइक से रसड़ा सिविल न्यायालय जा रहे थे। जैसे ही वह कोटवारी मोड़ के पास पहुंचे, बलिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - Ballia News : तिलक समारोह में दोस्तों ने युवक को मारी गोली, सीने में लगी गोली से गंभीर घायल

टक्कर इतनी तेज थी कि अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मऊ होते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

स्वर्गीय सत्यप्रकाश सिंह राज्य काउंसिल के सदस्य एवं सिविल बार एसोसिएशन बलिया के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके थे। इसके अलावा वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के विभिन्न पदों पर भी सक्रिय रूप से कार्यरत रहे।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई। वहीं, सिविल बार एसोसिएशन बलिया तथा तहसील बार एसोसिएशन रसड़ा के अधिवक्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.