- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिन पर सौ से अधिक मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, अस्पताल...
Ballia News : परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिन पर सौ से अधिक मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, अस्पतालों में फल-मिष्ठान वितरण
बलिया। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को उनके विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस दौरान सौ से अधिक मंदिरों में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, वहीं अस्पतालों, निराश्रित केंद्रों और अन्य स्थानों पर जरूरतमंदों के बीच सामग्री का वितरण किया गया।
इसी क्रम में परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में निधरिया निराश्रित केंद्र में रह रही महिलाओं एवं युवतियों को वस्त्र, मिष्ठान और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग की सेवा ही जनप्रतिनिधियों के जीवन का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। लाभार्थियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए मंत्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं जिला पुरुष एवं महिला अस्पताल में भर्ती 300 से अधिक मरीजों के बीच फल, मिष्ठान एवं अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह ने मरीजों एवं उनके परिजनों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कार्यक्रम में केके सिंह, रवि सिंह, बंटू सिंह, कुलवंत सिंह, संजय सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम् में हुआ रुद्राभिषेक
रामगढ़ (बलिया)। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के जन्मदिवस पर महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम्, रामगढ़ गंगापुर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। गुरुकुल के वेदाध्ययनरत बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया तथा श्रीहनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश और जनकल्याणकारी कार्यों में सफलता की कामना की।
गुरुकुल के संस्थापक आचार्य मोहित पाठक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मदिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि ईश्वर से लोककल्याण, राष्ट्रसेवा और सद्बुद्धि की प्रार्थना का भी अवसर होता है। अनुष्ठान के समापन पर बटुकों और आचार्यों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा दयाशंकर सिंह के निरंतर जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने की मंगलकामना की।
