- Hindi News
- मनोरंजन
- 10 साल के लीप के साथ नए अध्याय में लौटी तुलसी, स्मृति ईरानी बोलीं- ‘हर परिवार को एक तुलसी की ज़रूरत
10 साल के लीप के साथ नए अध्याय में लौटी तुलसी, स्मृति ईरानी बोलीं- ‘हर परिवार को एक तुलसी की ज़रूरत होती है’
मुंबई। समय के साथ परिवार बदल जाते हैं, रिश्तों में दूरियां आ जाती हैं और हर पीढ़ी दुनिया को अपने-अपने नजरिए से देखने लगती है। लेकिन कुछ रिश्ते और मूल्य ऐसे होते हैं, जो हर दौर में अपनी अहमियत बनाए रखते हैं। करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी तुलसी एक बार फिर लौट रही हैं, क्योंकि ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ आज से 10 साल के लीप के साथ अपनी कहानी के नए और अहम अध्याय की शुरुआत कर रहा है।
अपने आइकॉनिक किरदार के बारे में बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, “बीते कई वर्षों में सबसे खूबसूरत बात तब सुनने को मिली, जब लोगों ने कहा कि तुलसी उन्हें अपनी मां, दादी या नानी की याद दिलाती है। मुझे लगता है कि हर परिवार को, चाहे समय कितना भी बदल जाए, किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है जो रिश्तों को तोड़ने नहीं, बल्कि जोड़ने का काम करे। जो लोगों को समझे, उनकी बातें सुने और बिना किसी पूर्वाग्रह के उन्हें अपनाए।”
उन्होंने आगे कहा, “यह नया अध्याय मेरे लिए बेहद खास है। दस साल बाद तुलसी अपने परिवार में लौटती है। इस दौरान परिवार बदल चुका है, रिश्ते और जटिल हो गए हैं और दूरियां भी बढ़ी हैं, लेकिन तुलसी का विश्वास आज भी वही है कि हर रिश्ते को एक और मौका मिलना चाहिए और हर परिवार फिर से एक हो सकता है।”
स्मृति ईरानी के मुताबिक, तुलसी की सबसे बड़ी विशेषता यही रही है कि वह कभी यह नहीं मानती कि किसी समस्या का केवल एक ही समाधान हो सकता है। हर नई पीढ़ी अपने साथ नई चुनौतियां लेकर आती है और उनका सामना समझदारी, साहस और एक-दूसरे को समझने की भावना से ही किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस नए सफर में दर्शकों को कई ऐसे पल देखने को मिलेंगे, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। हालांकि, इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत परिवार, माफ़ी और उम्मीद की भावना बनी रहेगी।
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ अब 10 साल के लीप के साथ अपने नए अध्याय में प्रवेश कर चुका है। दर्शक इस शो को आज से हर दिन रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर देख सकते हैं। वहीं, यह शो डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध रहेगा।
