Ballia News : दुबेछपरा कटान रोधी कार्य में मिली खामियां, विधायक जयप्रकाश अंचल ने जताई नाराजगी

मझौवां, बलिया। बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने दुबेछपरा में चल रहे कटान रोधी कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि लगाए गए बोल्डरों का झुकाव अभी से गंगा नदी की ओर दिखाई दे रहा है, ऐसे में वे तेज धारा का सामना कैसे कर पाएंगे, यह बड़ा सवाल है। इस पर मौके पर मौजूद ठेकेदार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार कटान से जरा भी नुकसान हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

यह भी पढ़े - Ballia News : घर में अकेली थी किशोरी, जबरदस्ती, छेड़खानी

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा पिछले सात वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जबकि शासन के नियमों के अनुसार किसी भी अधिकारी का कार्यकाल एक स्थान पर अधिकतम तीन वर्ष होना चाहिए। विधायक ने कहा कि कटान रोधी कार्य के दोनों सिरों पर जानबूझकर कुछ हिस्से छोड़े गए हैं, जहां से कटान होने की आशंका बनी हुई है और बाद में फ्लड फाइटिंग के नाम पर अतिरिक्त खर्च दिखाकर लाभ कमाने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब शासन ने पूर्ण कार्य के लिए धन उपलब्ध कराया है तो दोनों छोर पर कार्य अधूरा छोड़ने का क्या औचित्य है। उन्होंने बताया कि कहीं 50 प्रतिशत तो कहीं 30 प्रतिशत तक ही कार्य पूरा हुआ है, जबकि निर्धारित समयसीमा के अनुसार 22 जून तक कार्य समाप्त हो जाना चाहिए था।

विधायक ने कहा कि कटान प्रभावित क्षेत्र के समीप इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, बालिका इंटर कॉलेज और राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित हैं, जिनकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। इसके बावजूद पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता के कार्यकाल में बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि हर वर्ष फ्लड फाइटिंग के नाम पर अलग से धनराशि भी प्राप्त होती रही है। ऐसे में उनकी संपत्तियों की जांच कराई जानी चाहिए।

जयप्रकाश अंचल ने बताया कि उन्होंने दुबेछपरा, नौरंगा, नरदरा और भुसौला क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया, जहां कटान रोधी कार्यों में कई अनियमितताएं और खामियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत शासन स्तर पर की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान संजय यादव, शशिभूषण यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुड्डू गुप्ता, किशुन पासवान, अमित पाल, गुड्डू पासवान, जेपी यादव, ध्रुप यादव, मनान हुसैन, मजहर, मुस्तफा अंसारी, गौरीशंकर पाण्डेय, उत्तम यादव, अनिल सिंह, प्रधान प्रतिनिधि उमेश यादव और रविन्द्र मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.