- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, अधूरी परियोजनाएं जल्द पूरी करने के नि...
Ballia News : दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, अधूरी परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
बलिया। सांसद सलेमपुर रमाशंकर राजभर की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित 101 एजेंडों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा लंबित विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर पंचायत नगरा में निर्मित 60 बेड अस्पताल तथा सीएचसी सुखपुरा के 50 बेड अस्पताल को शीघ्र संचालित करने और चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी सीएचसी एवं पीएचसी का सर्वे कर 15 दिनों के भीतर समस्याओं की सूची प्रस्तुत करने को कहा।
सांसद ने जिले की विद्युत व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम उमरपुर दियरा, नौरंगा, रामपुर असड़िया तथा रसड़ा क्षेत्र की लंबित विद्युतीकरण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले की बिजली व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और इसमें सुधार आवश्यक है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने, उन्हें प्रशिक्षण देने तथा मनरेगा से लाभान्वित करने पर बल दिया गया। जीराबस्ती स्थित दूध डेयरी की समस्याओं के शीघ्र समाधान के भी निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एनएच-31 के बांध पर रहने वाले पात्र झोपड़ीवासियों को आवास उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बेल्थरारोड स्थित काशीराम आवासों का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सिकंदरपुर मंडी की जर्जर सड़क की मरम्मत, सोनबरसा मंडी को शुरू कराने, किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाने, बेल्थरारोड के मलिकपुर-खंडवा मार्ग का कार्य पूर्ण कराने तथा सिकंदरपुर की पुरानी पानी टंकी से जलापूर्ति बहाल करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
सिंचाई एवं बाढ़ विभाग को माल्देपुर के समीप एनएच-31 पर संभावित कटान रोकने के लिए ठोकर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। अवैध मिट्टी खनन पर सख्त रुख अपनाते हुए विकासखंड सोहांव सहित अन्य क्षेत्रों में जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा वाहनों को सीज करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त नगर पंचायत बेल्थरारोड में रेलवे स्टेशन मार्ग से अतिक्रमण हटाने, नरही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास संचालित देशी एवं कंपोजिट शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा अटल कार्यकलाप एवं शहरी परिवर्तन मिशन 2.0 के अंतर्गत लंबित योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा वर्ष 2010 में कूड़ा निस्तारण के लिए खरीदी गई नौ एकड़ भूमि में शेष साढ़े चार एकड़ क्षेत्र पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
बैठक में सांसद बलिया सनातन पाण्डेय, विधायक सिकंदरपुर मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, विधायक फेफना संग्राम सिंह, विधायक बैरिया जयप्रकाश अंचल, एमएलसी रविशंकर उर्फ पप्पू जी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सभी ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
