यूपी में 2.1 लाख स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ताओं ने नहीं कराया रिचार्ज, बिजली विभाग का सर्च अभियान तेज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं में बड़ी संख्या ने रिचार्ज नहीं कराया है, जिसके चलते बिजली विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है।

बिजली विभाग के अनुसार, निगेटिव बैलेंस होने के कारण करीब 5.25 लाख उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्वतः कट चुके हैं। इनमें से लगभग 2.1 लाख उपभोक्ताओं ने अब तक रिचार्ज नहीं कराया है, जिससे अवैध रूप से बिजली उपयोग की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़े - बलिया : निजी अस्पताल में प्रसूता और जुड़वा नवजात की मौत, अस्पताल सील

इसको लेकर यूपी पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने सभी वितरण निगमों को जांच के निर्देश दिए हैं। एक दिन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों—मध्यांचल, पूर्वांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल और केस्को-कानपुर—में कुल 1211 परिसरों की जांच की गई।

जांच के दौरान 18 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

कारपोरेशन के प्रवक्ता केके सिंह ने बताया कि बिना रिचार्ज बिजली का उपयोग करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138-बी के तहत कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि कनेक्शन कटने की स्थिति में तुरंत रिचार्ज कराएं। विभाग के अनुसार, भुगतान के बाद अधिकतम दो घंटे में कनेक्शन चालू कर दिया जाता है, जबकि अधिकतर मामलों में आपूर्ति कुछ ही मिनटों में बहाल हो जाती है। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.