- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- खेत में मेड़ बना रहे दो भाइयों पर गिरी आकाशीय बिजली, एक की मौत, दूसरा घायल
खेत में मेड़ बना रहे दो भाइयों पर गिरी आकाशीय बिजली, एक की मौत, दूसरा घायल
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के धर्मनपुर गांव से सटे खेत में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ देर बाद अवधेश राम को होश आया तो उन्होंने परिजनों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मुख्तार राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अवधेश राम का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
