सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम के निर्देश, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर लगाए जाएंगे चेतावनी बोर्ड

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों (एक्सीडेंटल जोन) का चिन्हांकन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि इन स्थानों पर चेतावनी संबंधी बोर्ड और बैनर लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

यह भी पढ़े - Ballia News : अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट और एक्सीडेंटल जोन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। साथ ही शहर के दो प्रमुख स्थलों का चयन कर जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक सप्ताह के भीतर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

उन्होंने एआरटीओ को जिले में संचालित सभी विद्यालयों की बसों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कितनी बसें संचालन योग्य हैं और कितनी बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को निर्देशित किया कि सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

बैठक में एआरटीओ अरुण कुमार राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.