- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- नगर पालिका में डीएम का औचक निरीक्षण, 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
नगर पालिका में डीएम का औचक निरीक्षण, 14 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई की खराब स्थिति, फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव तथा बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जताई।
कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर नई बायोमेट्रिक मशीन स्थापित की जाए तथा सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। साथ ही कार्यालय से निकलने से पहले भी बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर भी जांचा, जिसमें 14 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा समयबद्ध और पारदर्शी कार्य प्रणाली सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार निरीक्षण में यदि गंदगी पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों का वेतन काटकर उसी राशि से सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।
शहर में विभिन्न स्थानों पर कूड़ा जमा होने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर शासन को पत्र भेजकर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
