- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में शिक्षकों का विशाल प्रदर्शन, टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सरकार को सौंपा ज्ञापन
बलिया में शिक्षकों का विशाल प्रदर्शन, टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सरकार को सौंपा ज्ञापन
बलिया: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में गुरुवार को जिले भर के शिक्षक और शिक्षिकाओं ने 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता लागू किए जाने के विरोध में विशाल प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे शिक्षकों ने एकजुट होकर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सम्मान की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहा, बल्कि पूर्व नियुक्त शिक्षकों के वैधानिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा चाहता है।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षक नेताओं और शिक्षकों ने एकजुटता के साथ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान राजेश सिंह, ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, अकिलुर्रहमान खान, संजीव कुमार सिंह, ओंकार सिंह, कर्ण प्रताप सिंह, अमित यादव, मुकेश सिंह, समीर कुमार पांडेय, संजय पांडेय, हरीशंकर यादव, रूपेश कुमार, श्यामनारायण, प्रीतिंदर सिंह और राम प्रताप यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
