बलिया में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 10 नामजद समेत कई पर मुकदमा दर्ज

बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पर्वतपुर चट्टी पर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हुई इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सरेराह हुई मारपीट से चट्टी पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष के रमेश बिंद निवासी पर्वतपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर वह पर्वतपुर चट्टी पर मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के सोनू साहनी, सचिन कश्यप, प्रदीप कश्यप, चंदन कश्यप और अन्य लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे चंद्रमा कश्यप, सुरेश कश्यप, रवि कश्यप और सोनिया देवी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़े - Ballia News : नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पांच दोषियों को 25-25 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना

वहीं दूसरे पक्ष के सोनू साहनी ने भी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पर्वतपुर चट्टी पर पहुंचे थे। उसी समय पुरानी रंजिश को लेकर रमेश कश्यप, सुरेश कश्यप, चंद्रमा कश्यप, रवि कश्यप और अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी। उन्होंने भी विपक्षियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

प्रभारी निरीक्षक (क्राइम) बांक बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 10 नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.