- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में सरयू नदी का कटान जारी, सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन नदी में समाई
बलिया में सरयू नदी का कटान जारी, सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन नदी में समाई
बांसडीह, बलिया: टीएस बंधे के किनारे बसे गांवों में सरयू नदी का कटान लगातार किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। जलस्तर स्थिर रहने के बावजूद नदी की कटान से खादीपुर, सुल्तानपुर, भोजपुरवा, चक्की दियर, मलाहीचक और कोटवां गांवों के सैकड़ों एकड़ उपजाऊ खेत धीरे-धीरे सरयू नदी में समाहित हो रहे हैं।
हालांकि वर्तमान में नदी का जलस्तर कम होने के कारण कटान की गति धीमी है, लेकिन किसानों को आशंका है कि बारिश होने और जलस्तर बढ़ने के बाद कटान और तेज हो सकता है।
कटान रोकने के लिए खादीपुर में पिछले वर्ष एक ठोकर का निर्माण कराया गया था, जबकि इस वर्ष खादीपुर और सुल्तानपुर में दो नए ठोकरों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बावजूद कटान का केंद्र ठोकर निर्माण स्थल से पूर्व और पश्चिम दिशा में लगभग 50 मीटर की दूरी पर बना हुआ है।
स्थानीय किसानों निर्भय नारायण सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, संजय सिंह परिहार और दिनेश यादव ने बताया कि कटान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। किसान अपने स्तर पर खेतों को बचाने के लिए बांस, मूंज और अन्य सामग्री डालकर रोकथाम का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नदी लगातार धीरे-धीरे जमीन को काट रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की है कि कटान रोकने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों की बची हुई खेती योग्य भूमि को सुरक्षित किया जा सके।
