बलिया के 64 हजार कर्मचारियों व पेंशनरों को होली की सौगात, खातों में पहुंचे 200 करोड़ रुपये

बलिया। होली पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने बलिया जिले के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों के बैंक खातों में समय से पहले वेतन और पेंशन की राशि भेज दी गई है।

वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 28 फरवरी तक भुगतान सुनिश्चित किया गया, ताकि सभी कर्मी होली का त्योहार खुशहाली के साथ मना सकें। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के करीब 24 हजार पेंशनभोगियों के खातों में 76 करोड़ रुपये की पेंशन राशि भेजी गई है। वहीं, लगभग 40 हजार सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को वेतन का भुगतान किया गया है।

यह भी पढ़े - मुंबई में शहीद 66 फायरमैन को बलिया पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, अग्नि सुरक्षा सप्ताह शुरू

इस तरह कुल मिलाकर जिले के 64 हजार कर्मियों और पेंशनरों के खातों में लगभग 200 करोड़ रुपये (2 अरब रुपये) की धनराशि पहुंचाई गई है। वेतन और पेंशन पाने वालों में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी (डीएफओ), स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर व कर्मचारी, शिक्षा विभाग के शिक्षक, पुलिस और पीआरडी जवान तथा सफाईकर्मी शामिल हैं।

वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने जिले व प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग त्योहार के समय आर्थिक रूप से निश्चिंत रहे। उन्होंने अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ सुरक्षित तरीके से होली का पर्व मनाएं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.