बलिया में 6 से 15 अप्रैल तक गांवों में लगेंगे फॉर्मर रजिस्ट्री विशेष कैंप

बलिया। जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बड़ा प्रशासनिक प्लान तैयार किया है। रविवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्होंने निर्देश दिया कि 6 अप्रैल से 15 अप्रैल तक सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप लगाकर किसानों की रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जनपद, तहसील और ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। साथ ही हर दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट ली जाए, ताकि काम की लगातार समीक्षा होती रहे।

यह भी पढ़े - गोंडा जंक्शन पर चोर को पकड़ने में जीआरपी जवान गंभीर घायल, दोनों पैर कटे

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप की सूचना पहले से ही ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान कैंप में पहुंचकर रजिस्ट्री करा सकें।

किसानों की भागीदारी बढ़ाने के लिए डीएम ने सफाई कर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और कोटेदारों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसानों को कैंप स्थल तक लाने में भी इनकी मदद ली जाए।

जिलाधिकारी ने लेखपालों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन किसानों के नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं या अंश निर्धारण में त्रुटि है, उसे तत्काल ठीक किया जाए, ताकि फॉर्मर रजिस्ट्री में कोई बाधा न आए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में अब तक सबसे कम रजिस्ट्री हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर विशेष अभियान चलाया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य इसी माह 100 प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण करना है और अधिकारियों से 15 अप्रैल तक ही लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करने को कहा।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, सभी एसडीएम, सभी बीडीओ, लेखपाल, उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.