- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- आजमगढ़ दौरे पर सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- विकास को सिर्फ सैफई तक सीमित रखती है पार्टी
आजमगढ़ दौरे पर सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- विकास को सिर्फ सैफई तक सीमित रखती है पार्टी
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा विकास को केवल सैफई तक सीमित रखती है, जबकि भाजपा की सरकार बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश में विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़, मऊ, बलिया और जौनपुर कभी भी सपा के एजेंडे का हिस्सा नहीं रहे। अगर ऐसा होता तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं पहले ही शुरू हो जातीं।
सीएम योगी ने कहा कि सपा के लिए परिवार पहले है, जबकि भाजपा के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ सर्वोपरि है। उन्होंने कांग्रेस और सपा दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों का विकास केवल अपने राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार के प्रयासों से आजमगढ़ की पहचान को नया सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि पहले आजमगढ़ के नाम पर लोगों को दूसरे शहरों में होटलों और धर्मशालाओं में कमरे तक नहीं मिलते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और लोग सम्मान के साथ स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव जैसे महान योद्धा को भुला दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय बनाकर सम्मान देने का काम किया।
सीएम योगी ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर भी जोर देते हुए कहा कि जब महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है, जिससे विकसित भारत का सपना साकार होता है।
इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
