लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

मझौवां (बलिया): महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम् एवं क्षेत्र के धर्मप्रेमियों के सहयोग से आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार के तहत शनिवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से भरी इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।

गंगापुर (हुकुमछपरा) स्थित गंगा घाट से शुरू हुई कलश यात्रा में हाथों में कलश लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘गंगा मईया की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

यह भी पढ़े - बलिया : ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, पांच डॉक्टरों पर मुकदमा, ओटी सील

शोभा यात्रा गंगा घाट से पचरूखिया, रामपुर-दीघार बाजार होते हुए रामगढ़ और गंगापुर मार्ग से होकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन किया गया और श्रद्धालुओं ने कलश में गंगाजल भरकर यज्ञ मंडप में स्थापित किया।

इस अवसर पर आचार्य मोहित पाठक ने श्रद्धालुओं को प्रतिदिन आयोजित होने वाले यज्ञ कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवन पद्धति है। इससे वातावरण की शुद्धि, मन की पवित्रता और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

उन्होंने बताया कि यज्ञोपवीत संस्कार के माध्यम से बालकों को वैदिक शिक्षा, अनुशासन और संस्कारयुक्त जीवन की दिशा मिलती है। आचार्य ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से यज्ञ में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.