KBC विजेता तहसीलदार अमिता सिंह तोमर गिरफ्तार, 2.5 करोड़ के घोटाले का आरोप

ग्वालियर, कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख रुपये जीतकर चर्चा में आईं तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन पर बाढ़ राहत राशि में करीब 2.5 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, अमिता सिंह तोमर पर श्योपुर जिले के बड़ौदा क्षेत्र में तहसीलदार रहते हुए राहत राशि वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि फर्जी लाभार्थियों की सूची बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

यह भी पढ़े - महाराष्ट्र : पैठणी की 2000 वर्ष पुरानी परंपरा को वैश्विक मंच पर ला रहा ‘कार्या’

बताया जा रहा है कि इस मामले में करीब 25 पटवारी समेत 100 से अधिक लोगों की संलिप्तता सामने आई है। आरोप है कि एक सुनियोजित तरीके से फर्जी नामों और परिचितों के खातों में राहत राशि ट्रांसफर की गई, जबकि वास्तविक पीड़ितों को इसका लाभ नहीं मिल सका।

अमिता सिंह तोमर गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालतों का सहारा ले रही थीं, लेकिन राहत नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट से उनकी जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी और कलेक्टर द्वारा उन्हें विजयपुर तहसील के प्रभार से हटा दिया गया था।

अमिता सिंह तोमर का चयन वर्ष 2003 में नायब तहसीलदार के रूप में हुआ था और 2011 में वह प्रमोट होकर तहसीलदार बनीं। उसी वर्ष वह टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख रुपये जीतने के बाद सुर्खियों में आई थीं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.