बलिया में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 3.41 लाख से अधिक मतदाता हुए कम

बलिया। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जनपद के सात विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार मतदाता सूची में कुल 3,41,777 मतदाता कम हुए हैं। 

जिलाधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में सत्यापन के लिए 2607 बीएलओ लगाए गए थे। इनकी ओर से पहले 25,10,596 मतदाताओं का परीक्षण किया गया था, जिनमें 13,54,537 पुरुष, 11,55,963 महिलाएं और 96 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

यह भी पढ़े - देवरिया में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे

विशेष पुनरीक्षण की शुरुआती जांच में 20,54,420 मतदाताओं की मैपिंग हुई थी, जिसमें 11,47,075 पुरुष, 9,07,473 महिलाएं और 72 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल करीब 1.42 लाख मतदाताओं के निवास संबंधी कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं मिले थे। ऐसे सभी मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। जिन लोगों ने समय पर साक्ष्य प्रस्तुत किए, उनके नाम सूची में बनाए रखे गए।

अंतिम प्रकाशन तक 1,14,199 नए मतदाता भी जुड़े हैं। अब जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में 12,06,739 पुरुष, 9,62,008 महिलाएं और 72 थर्ड जेंडर मतदाताओं सहित कुल 21,68,819 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और त्रुटिरहित तरीके से पूरी कराई गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्वाचन नामावली में अपना नाम अवश्य जांच लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.